राजीव गांधी की जयंती पर एक दर्जन राज्यों के व्यक्तियों को सम्मानित किया
मुनि रूप विश्वास ट्रस्ट ने राजीव गांधी जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन कर सेवा दल के पुराने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय डोगरा व उनकी पूरी टीम को भी यहां सम्मानित किया गया
नई दिल्ली, मुनि रूप विश्वास ट्रस्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस मौके पर सेवादल के 100 साल पूरे होने पर वहां सेवा के खास काम करने वाले एक दर्जन से अधिक राज्यों के बेहद पुराने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी शाल और स्मृति चिन्ह से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सेवादल के संस्थापक नारायण सुब्बाराव हार्डिकर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले राजस्थान के बुजुर्ग कार्यकर्ता सी.पी जोशी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। यूपी के फैजाबाद से आए 1960 के कार्यकर्ता निहाल सिंह यादव ने कहा कि हर गांव में 25 नए कार्यकर्ताओं का निर्माण करके ही समाज का निर्माण हो सकता है। सेवादल में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने वाले ताइक्वांडो के प्रशिक्षक और वरिष्ठ पदाधिकारी पी ए गुरंग और सेवादल के कोषाध्यक्ष जनार्दन रेड्डी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन हिमाचल के अधिवक्ता विजय डोगरा ने किया। जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तर प्रदेश,हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, मध्यप्रदेश,उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, दिल्ली, चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश्वर त्यागी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, सद्भाव और जनचेतना लाना है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पूरे जीवन में यही संदेश फैलाया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संदीप कंवर, हरिमोहन शर्मा, प्रताप कंवर, किशोरी लाल वर्मा, प्रताप ठाकुर, उत्तम डोगरा, विश्व नंद चौहान, सुरेंद्र ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।
