February 24, 2025

भारतीय संविधान सभी को बराबरी का अधिकार देता है: सीजेएम कपिल राठी

1 min read

भिवानी, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल के निर्देशानुसार सीजेएम-कम-सचिव कपिल राठी के मार्गदर्शन में विश्व अंतर्राट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग के सहयोग से जिलाभर के स्कूलों में साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को कानूनी रूप से जागरूक किया जा रहा है। सीजेएम-कम-सचिव कपिल राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एक साप्ताहिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न्याय के लिए जागरूकता फैलाना और सभी के लिए न्याय को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान सामाजिक न्याय की आधारशिला पर खड़ा है। हमारे संविधान में आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और लैंगिक आदि रूपों से पिछड़े तबकों व गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को समाज में बराबरी पर लाने के लिए कई अहम प्रावधान किए हैं। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कपिल राठी ने बताया कि विश्व अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर स्कूलों में बच्चों को शिक्षा के अधिकार, मैला ढोने की प्रथा, बाल मजदूरी, कन्या भू्रण हत्या, गुड टच बैड टच, दहेज प्रथा, बाल-विवाह, पर्दा प्रथा, छूआछूत भेदभाव, नालसा/हालसा की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं,राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता, नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे विस्तार से कानूनी जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में बवानी खेड़ा, ढ़ाणी भाखड़ा, जाटू लोहारी आदि विभिन्न गांवों के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।