April 8, 2026

भारत ने ईरान में फंसे नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा- ‘तुरंत छोड़ दें देश’

नई दिल्ली, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे भारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 14 दिन के सीजफायर का ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के बाद पूरी दुनिया ने थोड़ी राहत की सांस ली थी कि शायद अब मिडिल ईस्ट का संकट टल जाएगा और दोनों देश बातचीत के जरिए किसी शांतिपूर्ण समाधान तक पहुंच जाएंगे। लेकिन शांति की इस उम्मीद के बीच भारत सरकार द्वारा उठाए गए एक कदम ने नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक बेहद सख्त नई एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें जल्द से जल्द ईरान छोड़ने का निर्देश दिया है। भारत के इस कदम ने इस सवाल को जन्म दे दिया है कि क्या 14 दिन के सीजफायर के बाद हालात पहले से भी ज्यादा भयानक हो सकते हैं।

बुधवार को ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर वहां फंसे भारतीयों से युद्धग्रस्त देश से शीघ्र बाहर निकलने की अपील की है। दूतावास ने नागरिकों से सुरक्षित निकासी के लिए सुझाए गए मार्गों का ही इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है। पोस्ट में सख्त हिदायत दी गई है कि दूतावास से पूर्व परामर्श किए बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास जाने की कोशिश बिल्कुल न करें। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए दूतावास ने अपने इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर (+989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359) और ईमेल आईडी (cons.tehran@mea.gov.in) भी साझा किए हैं, ताकि नागरिक तुरंत संपर्क कर सकें।

आपको बता दें कि यह नई एडवाइजरी अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद आई है। इससे पहले मंगलवार शाम को भी भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी कर अपने नागरिकों को अगले 48 घंटों तक अपने-अपने घरों के अंदर ही सुरक्षित रहने का निर्देश दिया था। उस वक्त भारतीयों से सैन्य प्रतिष्ठानों, बिजली आपूर्ति प्रणालियों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहने का आग्रह किया गया था। दरअसल, यह खौफनाक हालात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस खुली चेतावनी के बाद बने थे, जिसमें उन्होंने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी खत्म करने के लिए अल्टीमेटम दिया था। ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर पूर्वी समयानुसार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) तक ऐसा नहीं हुआ, तो ‘पूरी सभ्यता आज रात नष्ट हो जाएगी’। हालांकि अब अस्थाई सीजफायर हो गया है, लेकिन भारत की ताजा एडवाइजरी ने यह साफ कर दिया है कि ईरान में हालात अभी भी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *