विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाना एक बड़ी जिम्मेदारी : सचिव
झज्जर स्थित रैडक्रास भवन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन और एडीसी सलोनी शर्मा, के निर्देशानुसार जिला रैडक्रास सोसायटी, झज्जर द्वारा स्वीप गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रैडक्रास भवन में फस्र्ट एड का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को मतदान के लिए जागरूक किया गया। यह जानकारी जिला रैडक्रास सोसायटी के सचिव देवेंद्र चहल ने दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मताधिकार का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया। उन्होने कहा कि युवा मतदाताओं को अपने गांव, शहर तथा आस-पास के मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करना चाहिए,ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित न रह पाए । उन्होंने कहा मतदान के प्रतिशत को बढाना भी एक बड़ी जिम्मेदारी है जिससे लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सके। इस अवसर पर उपस्थित रैडक्रास स्टाफ व छात्र-छात्राओं को मतदान करने के लिए शपथ दिलवाई गई। इस अवसर पर सहायक सचिव पवन कुमार, सहायक सुषमा रानी, लेखाकार तरुण गर्ग राहुल, रणबीर आदि उपस्थित रहे।
