February 20, 2026

हरियाणा चुनाव: आखिरी गुरमीत राम रहीम ने दे ही दिया अपने समर्थकों को वोट देने का संदेश

सिरसा- हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की जा रही है। वहीं, इस बीच डेरा सच्चा सौदा डेरे ने अपने समर्थकों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की है। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 दिन की पैरोल पर बाहर आने के बाद गुरमीत राम रहीम अपने बागपत आश्रम में ठहरा हुआ है। उसने भाजपा को समर्थन देने का संदेश सिरसा में पदाधिकारी के जरिए पहुंचाया।

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के 20 दिन की पैरोल पर रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आने के एक दिन बाद यह घोषणा हुई। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार देर रात सिरसा में डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में आयोजित सत्संग के दौरान अनुयायियों को यह संदेश दिया गया। आमतौर पर फॉलोअर्स को निर्देश विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले सत्संग मंच से खुले तौर पर आते रहे हैं। हालांकि, इस बार यह निर्देश कुछ मौन तरीके से दिया गया है।

जानकारी के अनुसार इस बार सत्संग मंच से कोई घोषणा नहीं की गई। डेरे के पदाधिकारी खुले प्रांगण में गए और सभा में शामिल लोगों से भाजपा को वोट देने के लिए कहा। एक पदाधिकारी ने संवाददाता को बताया, ‘हमने फॉलोअर्स से बूथ के पास सक्रिय रहने के लिए भी कहा है। हर फॉलोअर को अपनी कॉलोनी में रहने वाले 5 और मतदाताओं को वोट के लिए साथ लेकर जाना चाहिए।’

बता दें कि डेरे की ओर से बीजेपी को समर्थन कोई नई बात नहीं है। डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में दलितों के बीच बड़े पैमाने पर अनुयायी हैं। वे खुले तौर पर भाजपा का समर्थन करते रहे हैं। बलात्कार मामले में दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह 20 दिन की पैरोल मिलने के बाद बुधवार को हरियाणा की रोहतक जेल से बाहर आया। वह अपनी अस्थायी रिहाई के दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत के बरनावा में डेरा आश्रम में रहेगा। इस अवधि के दौरान उसके चुनाव संबंधी गतिविधियों से हिस्सा लेने, भाषण देने और राज्य में रहने पर रोक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *