पिछले साढ़े 9 वर्षों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार द्वारा अथक प्रयास किए गए हैं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पिछले साढ़े 9 वर्षों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार द्वारा अथक प्रयास किए गए हैं और मिशन मेरिट के तहत बिना पर्ची – बिना खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई। इसी कड़ी में रोजगार के और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार ने मिशन @ 60,000 की शुरुआत की है और युवा इंजीनियरों को बड़ा तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री ने आज सक्षम ठेकेदार युवा स्कीम पोर्टल का शुभारंभ किया है। इसके तहत सरकार द्वारा इंजीनियरिंग में डिप्लोमा एवं डिग्री धारक 10,000 युवाओं को 3 महीने का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सरकार की इस पहल से युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इच्छुक योग्य युवाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए एक पोर्टल बनाया है। प्रशिक्षण पूरा करने के उपरांत इन युवाओं को प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जिसके आधार पर ये युवा विभिन्न विभागों एवं पंचायतों के 25 लाख रुपए तक के निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक प्रशिक्षित युवाओं को एक वर्ष की अवधि के लिए 3 लाख रुपए तक का ब्याज रहित ऋण भी उपलब्ध करवाया जायेगा। इस पहल से युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे व यह योजना युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगी।
