March 14, 2026

बजट में सरकार ने रखा किसान, गरीब, खिलाड़ी, युवा, बुजुर्ग से लेकर महिलाओं का ख्याल

प्रमुख नागरिकों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2024-25 के बजट को जमकर सराहा
झज्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा अपने साढ़े नौ साल के अनुभव, योग्यता व कुशलता से पेश किए गए अमृतकाल के दूसरे बजट में हर वर्ग का पूरा ख्याल रखा है। यह बजट पूरी तरह से सर्व समात के हितों का आगे बढ़ाने वाला बजट है। जिसमें किसान, गरीब, खिलाड़ी, युवा, बुजुर्ग से लेकर महिलाओं तक पर फोकस किया गया है।
राजपाल ने कहा कि बजट में किये गए प्रावधान की राशि से संचालित योजनाओं का लाभ आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा।
बजट पूरी तरह जनहितैषी : कप्तान सिंह
जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने हरियाणा विधानसभा में पेश किए गए बजट प्रस्ताव को सराहनीय बताया है। उन्होंने बजट को गरीब हितैषी बताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि बजट में सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। किसानों के कल्याण के लिए बजट में जो योजनाएं लाई गई हैं, उनका तहेदिल से स्वागत करते हैं। फसली ऋण पर ब्याज एवं जुर्माना माफी की स्कीम धरतीपुत्र को आगे बढ़ाने का काम करेगी। सिंचाई संसाधनों के लिए बजट में 31 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। सदियों से चली आ रही आबियाना टैक्स प्रथा को बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस संतुलित बजट में आयुष्मान योजना को विस्तार दिया गया है। गरीब परिवारों को 1000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा तथा ग्रामीण विकास की अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। श्रमिकों और महिला विकास की अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। युद्ध शहीद सैनिक परिवारों को सहायता राशि 50 लाख से बढक़र एक करोड़ रुपए किए जाने का प्रस्ताव भी बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह बजट मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरगामी सोच को दर्शाता है। इस बजट से हरियाणा तरक्की के नए आयाम छुएगा।
बजट से ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगे समृद्धि के नए द्वार: कौशिक
पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि बजट में सहकारिता के माध्यम से पैक्स को मजबूती प्रदान करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है ,जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे और सहकारी आंदोलन को फलने-फूलने के लिए भी मंच मिलेगा। 30 सितंबर 2023 तक लिए गए फसली ऋण पर 31 मई, 2024 तक मूलधन का भुगतान करने पर की ब्याज व जुर्माने की माफी करने की घोषणा की गई है। इससे जिला के किसानों को खासा लाभ मिलेगा।
युवाओं को कौशल और रोजगार के लिए मिलेगा सुनहरा अवसर
नगर परिषद के चैयरमैन जिले सिंह सैनी ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 60 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करना सरकार की दूरगामी सोच का परिणाम है। इतना ही नहीं सरकार द्वारा पहले से ही मिशन 60,000 के तहत सरकार का आने वाले वर्षों में कम से कम 60 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य रखा है,जिसे पूरा करने की दिशा में सरकार अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *