February 18, 2026

पाकिस्तान में अल्पसंख्यक नहीं सुरक्षित, बच्चियों तक को बनाया जा रहा निशाना: मानावधिकार संगठन

इस्लामाबाद, एक प्रमुख अल्पसंख्यक अधिकार समूह ने पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और उत्पीड़न पर गंभीर चिंता जताई है। समूह ने चेतावनी दी है कि देश में व्याप्त धार्मिक असहिष्णुता के कारण ईसाई, हिंदू, अहमदिया, सिख और अन्य लोगों को उपेक्षा, टारगेट अटैक और सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा है।

वॉशिंगटन स्थित सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गनाइज्ड हेट (सीएसओएच) की एक ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए, वॉयस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी (वीओपीएम) ने कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति बेहद खराब होती जा रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि धार्मिक स्वतंत्रता की संवैधानिक गारंटी के बावजूद, पाकिस्तान में अल्पसंख्यक लगातार खतरे में रहते हैं और न्याय की उम्मीद कम ही है।

वीओपीएम ने जोर देकर कहा कि इस उत्पीड़न का मूल कारण पाकिस्तान का विवादास्पद ईशनिंदा कानून है, जिसका बड़े स्तर पर धमकाने, व्यक्तिगत विवादों को निपटाने या धन उगाहने के लिए दुरुपयोग किया गया है। इसमें आगे कहा गया है कि आरोप, चाहे वे सच्चे हों या मनगढ़ंत, यह अक्सर देश में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ भीड़ को भड़काने के लिए पर्याप्त होते हैं।

मानवाधिकार संस्था द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय, हिंदुओं को हिंसा और जबरन धर्मांतरण का सामना करना पड़ रहा है। 2019 में, सिंध में हिंदू शिक्षक नोतन लाल पर ईशनिंदा का आरोप लगाकर जेल भेजा गया। हिंदुओं की दुकानों को लूट लिया गया, एक स्कूल में तोड़फोड़ की गई और एक मंदिर पर हमला किया गया। हालांकि नोतन लाल को 2024 में बरी कर दिया गया, लेकिन उनका मामला इस बात की याद दिलाता है कि आरोप कितनी जल्दी सांप्रदायिक हिंसा भड़का सकते हैं। 2020 में, करक स्थित एक ऐतिहासिक मंदिर को विस्तार देने की योजना विरोधियों को इतनी नापसंद आई कि एकत्रित भीड़ ने उसे आग ही लगा दी, वो भी तब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षा के आदेश दिए थे।

वीओपीएम के अनुसार, अल्पसंख्यक समुदायों की महिलाओं और लड़कियों को अक्सर अपहरण और जबरन धर्मांतरण के रूप में उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। सीएसओएच की रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंदू और ईसाई लड़कियां विशेष रूप से जोखिम में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *