July 19, 2025

हिमाचल में 2 सगे भाइयों ने एक ही युवती से रचाया विवाह, जानें इस अनोखी प्रथा के बारे में

1 min read

शिमला, महाभारत काल में द्रौपदी के पांच पांडवों से विवाह की कहानी तो सबने सुनी है, लेकिन अगर आपको पता चले कि 21वीं सदी में भी यह प्रथा जीवित है, तो शायद यकीन करना मुश्किल होगा। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां दो सगे भाइयों ने एक ही युवती से विवाह कर इस प्राचीन परंपरा को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।

यह अनोखा विवाह हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई इलाके में हुआ है। यहां के हाटी समाज में प्रचलित इस ‘बहुपति प्रथा’ को ‘उजला पक्ष’ कहा जाता है। हाल ही में हुई इस शादी में दो सगे भाइयों ने एक ही युवती को अपनी धर्मपत्नी बनाया है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों भाइयों में से एक विदेश में नौकरी करता है, जबकि दूसरा स्थानीय सरकारी कर्मचारी है। इस विवाह में पूरे गांव के लोग भी शामिल हुए।

माना जाता है कि पुराने समय में जमीन और संपत्ति को बंटवारे से बचाने के लिए इस प्रथा का चलन शुरू हुआ था। परिवार की जमीन एक ही जगह रहे, इसके लिए घर के सभी भाई एक ही महिला से विवाह कर लेते थे। अक्सर एक भाई कमाई के लिए बाहर चला जाता था, जबकि दूसरा घर और खेती-बाड़ी संभालता था।

हिमाचल के सिरमौर और किन्नौर के अलावा उत्तराखंड के जौनसार-बावर इलाके में भी यह प्रथा प्रचलित रही है। हालांकि, आधुनिकता और शिक्षा के प्रसार के साथ अब यह परंपरा धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है और ऐसे विवाह अब बहुत कम देखने को मिलते हैं। इस ताजा विवाह ने एक बार फिर इस अनोखी सामाजिक व्यवस्था पर चर्चा छेड़ दी है।