गुरदासपुर रैली में अमित शाह ने पूछा- भगवंत मान सीएम है या पायलट
बहु प्रतीक्षित गुरदासपुर रैली में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा की जब भी देश पर संकट आया पंजाब के लोगों ने अपनी मौत की चिंता किए बिना देश को सुरक्षित किया। अमित शाह ने करतारपुर साहिब की पवित्र धरती को नमन कर अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर पंजाब की जनता का धन्यवाद करने आया हूं। शाह ने पंजाब सरकार व भगवंत मान पर जमकर हमला बोला। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी जैसी खोखले वादे करने वाली सरकार आज तक नहीं देखी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि भगवंत मान केवल करदाताओं के पैसों का दुरुपयोग करके अरविंद केजरीवाल का प्रचार करने में जुटे हैं। भगवंत मान मुख्यमंत्री से अधिक पायलट का काम कर रहे हैं। जहां भी केजरीवाल को जाना होता है वे विमान लेकर पहुंच जाते हैं। इसी कारण पंजाब की हालत बद से बदतर होती जा रही है। लेकिन भगवंत मान केजरीवाल के साथ हवाई दौरे करने में व्यस्त है। पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है लेकिन पंजाब की व्यवस्था को देखने का समय भगवंत मान के पास नहीं है। अमित शाह ने कहा कि आज तक एक भी महिला के खाते में एक भी रुपया नहीं आया है। भगवंत मान आम आदमी पार्टी और केजरीवाल की पब्लिसिटी करने में जुटे हुए हैं। देश भर की अखबारों के फ्रंट पेज पर विज्ञापन देने के अलावा सरकार कोई और काम नहीं कर रही है। अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने विदेशों में भारत का मान बढ़ाया है। मोदी ने देश का को गौरव दिलाने का काम किया है। मोदी जहां जहां भी जाते हैं वहां मोदी मोदी के नारे लगते हैं और यह नारे बीजेपी या मोदी के लिए नहीं है यह नारे देश के सम्मान में लगते हैं। भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने मंच से गुरदासपुर के आर्मी में योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों की भी बात रखी और चीनी चीनी बनाने के लिए गन्ने के उत्पादन में गुरदासपुर के योगदान के बारे में बताया। रैली को फतेह जंग बाजवा, मनप्रीत बादल, राणा सोढी और सुनील जाखड़ ने भी संबोधित किया।
