February 21, 2026

भविष्य में अन्य क्षेत्रों में भी इन स्कूलों के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जाएगा

शिमला : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में राजीव गांधी डे बोर्डिंग मॉडल स्कूलों के निर्माण के लिए पूरी निष्पक्षता से स्थान चयनित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में राजीव गांधी गवर्नमेंट मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा की थी। अभी तक 18 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में भवन निर्माण के लिए प्रशासनिक व व्यय स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि घुमारवीं, नादौन, बड़सर, भोरंज, सुजानपुर, ज्वाली, जसवां परागपुर, जयसिंहपुर, पालमपुर, नगराेटा बगवां, फतेहपुर, शाहपुर, किन्नौर, जुब्बल कोटखाई, शिलाई, गगरेट और हरोली में स्थान चयनित कर लिए गए हैं।

भविष्य में अन्य क्षेत्रों में भी इन स्कूलों के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जाएगा। जिला, उपमंडल और तहसील से पांच किलोमीटर की दूरी पर भूमि को तलाशा जा रहा है। अगर पांच किलोमीटर के दायरे में पर्याप्त भूमि नहीं मिलती है तो आठ किलोमीटर की दूरी तक स्थान तलाशने की विशेष छूट दी गई है। स्कूल निर्माण के लिए 50 बीघा भूमि की आवश्यकता है। उधर, भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि जिन 18 विधानसभा क्षेत्रों में स्कूल निर्माण को भूमि चयनित की गई है, उनमें से 17 विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के विधायकों के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *