राजनीति में शामिल होने के बारे में सभी अफवाहों पर मैं विराम लगाना चाहूंगा
मुंबई : लोकसभा चुनावों के मद्देनजर एक्टर संजय दत्त को लेकर यह चर्चा थी कि वह चुनाव लड़ सकते हैं। जिसके बाद एक्टर ने इस पर सफाई दी और बताया कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है और ना ही वह राजनीति में प्रवेश करने जा रहे हैं। दरअसल कई मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया कि वह हरियाणा से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार बन सकते हैं। एक्टर ने इन खबरों का खंडन किया और ट्वीट कर बताया कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है।
संजय दत्त ने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘राजनीति में शामिल होने के बारे में सभी अफवाहों पर मैं विराम लगाना चाहूंगा। मैं किसी भी पार्टी को ज्वॉइन नहीं कर रहा हूं और ना ही चुनाव लड़ रहा हूं। अगर मैं राजनीति में जाने का फैसला करता हूं तो मैं खुद सबसे पहले इसकी घोषणा करूंगा। अभी तक मेरे बारे में जो खबरें चल रही हैं कृपया उस पर यकीन ना करें।’
संजय दत्त के परिवार के सदस्य राजनीति से जुड़े रहे हैं ऐसे में पहले भी उन्हें लेकर ऐसी चर्चाएं होती रही हैं कि वह राजनीति में आ सकते हैं। उनके पिता सुनील दत्त यूपीए सरकार में मंत्री थे। कांग्रेस पार्टी के टिकट पर उन्होंने मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से लगातार 5 बार जीत हासिल की। उनकी मृत्यु के बाद उनकी बेटी प्रिया दत्त ने पिता की विरासत को संभाला और वह उस सीट से जीतीं।
