January 25, 2026

एनआरआई महिला की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार

परिजनों ने बताई कत्ल की वजह

अमृतसर, अमृतसर में ऑस्ट्रिया से आई एनआरआई युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। 12 जनवरी को कोर्ट रोड स्थित होटल किंग्ज रूट के कमरे में युवती प्रभजोत कौर का शव मिला था।

गुरदासपुर के गांव वड़ैच की रहने वाली प्रभजोत कौर की शादी सात वर्ष पहले अमृतसर जिले के जेठुवाल गांव में हुई थी। हत्या के इस मामले में पुलिस द्वारा लगातार छापामारी की जा रही थी। अब आरोपी मनदीप सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गांव जेठुवाल इस समय निवासी ऑस्ट्रिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मृतका के भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि विवाह के बाद दोनों विदेश में रह रहे थे। इसी दौरान मनदीप को प्रभजोत के चरित्र पर शक होने लगा, जिसके कारण दंपती के बीच लगातार तनाव बना रहता था। लवप्रीत सिंह ने बताया है कि उनके घर में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग था। इसलिए उन्होंने अपने जीजा और बहन को बुलाया था। दोनों विदेश से अपने बेटे के साथ आए थे।

लवप्रीत ने कहा कि रविवार को मनदीप बहन को यह कहकर ले गया कि वे घूमने जा रहे हैं, लेकिन अपने बेटे को साथ नहीं लेकर गए। रात को दोनों नहीं लौटे। बाद में सूचना मिली कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है।

परिजनों का आरोप है कि मनदीप सिंह ने योजनाबद्ध तरीके से प्रभजोत को अमृतसर के होटल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। परिवार के अनुसार, घर में अखंड पाठ आयोजित था, जिसके चलते प्रभजोत विशेष रूप से ऑस्ट्रिया से आई थी। मृतका सात महीने के एक बच्चे की मां थी। पिता मक्खन सिंह ने कहा कि शादी के शुरुआती वर्षों में सब ठीक था, लेकिन बाद में आपसी अनबन बढ़ने लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *