शिक्षा से मनुष्यता का होता है विकास : लेफ्टिनेंट जनरल चांदपुरिया
कपूरथला – सैनिक स्कूल कपूरथला का दौरा आज 11 काॅर्प्स के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल अजय चांदपुरिया ने किया । इस क्रम में उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक प्रगति अनुशासन और परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी ली। प्रारंभ में उन्होंने स्कूल स्थित `स्मृति स्थल ʼ पर जाकर शहीदों को पुष्पाजंलि अर्पित करके उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस दौरान स्कूल सभागार में आयोजित एक स्वागत समारोह में कैडेट्स की तरफ से मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल चांदपुरिया AVSM,VSM का स्वागत किया गया। इस क्रम में बच्चों की तरफ से मुख्य अतिथि को गमला में एक छोटा सा पौधा भेंट किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने स्कूल कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा से ही मनुष्यता का विकास होता है। आप तमाम कैडेट्स देश के भविष्य हो। आप में समय के प्रति प्रतिबद्धता, ध्यान मग्न होना, सचेत रहना, और अनुशासन प्रिय होने का गुण होना चाहिए। जनरल चांदपुरिया ने आगे कहा कि मैंने भी अपने जीवन में इसको लक्ष्य बनाया था। विद्यार्थी अपने लक्ष्य के अलावें और कहीं भी ध्यान न दें। शैक्षणिक स्टाफ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इनकी सेवा की बदौलत ही यहाँ के पूर्व छात्र देश और दुनिया में शानदार पदों पर विराजमान हैं। उन्होंने स्कूल बैंड की प्रस्तुतीकरण की जोरदार सराहना की। फिर बैंड टीम के साथ फोटोग्राफी हुई। तत्पश्चात स्कूल परिसर में पौंधा रोपन भी किया। उल्लेखनीय है कि सैनिक स्कूल जगजीत पैलेस में चलता है। जब स्कूल भवन का भ्रमण मुख्य अतिथि ने किया तब उन्होंने कहा कि पुराना हो जाने के कारण भवन की हालत जर्जर हो गई है । यह चिंता का विषय है।
बताते चलें कि उनके आगमन पर स्कूल की प्रभारी प्राचार्या विंग कमांडर दीपिका रावत ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान स्कूल के प्रशासनिक पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जेबीएस बेग भी उपस्थित थे।
