April 4, 2026

एचपीवी का टीका: सर्विकल कैंसर से बेटियों की सुरक्षा का प्रभावी उपाय-डॉ. लाल सिंह

सुंदरनगर,

रोहांडा ब्लॉक में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान के तहत गर्भाशय ग्रीवा (सर्विकल) कैंसर की रोकथाम के लिए शनिवार को विशेष सत्र आयोजित किया गया। यह अभियान 29 मार्च से शुरू होकर तीन महीनों तक चलेगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को टीकाकरण किया जा रहा है।
बीएमओ रोहांडा डॉ. लाल सिंह ने बताया कि विशेष सत्र सिविल अस्पताल सुंदरनगर व डैहर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांडा व निहरी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक और खुराहाल में आयोजित किया गया।
उन्होंने जानकारी दी कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष की किशोरियों को गार्डासिल की सिंगल डोज दी जा रही है। एचपीवी टीकाकरण सर्विकल कैंसर से बचाव का एक प्रभावी उपाय है, जो महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है।

डॉ. लाल सिंह ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन वर्ष 2006 से उपलब्ध है और इसकी सुरक्षा व प्रभावशीलता कई अध्ययनों से सिद्ध हो चुकी है। यह टीका मासिक धर्म या प्रजनन क्षमता को प्रभावित नहीं करता, बल्कि संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करता है। एक खुराक भी पर्याप्त सुरक्षा देती है और सर्विकल कैंसर की रोकथाम में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी पाई गई है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियां पात्र हैं। साथ ही वे किशोरियां भी शामिल हैं, जो अभियान शुरू होने की तिथि से 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली हैं। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी स्वास्थ्य कार्यकर्ता या सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *