February 18, 2026

हिमाचल में हरियाणा के युवकों की गुंडागर्दी,

परवाणू में टैक्सी ड्राइवर पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से पिटाई, PGI रेफर

परवाणू (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में हरियाणा के पांच-छह युवकों ने एक टैक्सी ड्राइवर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने ड्राइवर को लाठी और रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल टैक्सी ड्राइवर ईशान को पहले ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह वारदात बुधवार रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक आरोपी ड्राइवर की टांगें पकड़ता है, जबकि अन्य आरोपी डंडों से उसके पैरों और शरीर पर लगातार वार करते हैं। इस हमले में ड्राइवर की टांगों में कई फ्रैक्चर हो गए। पिटाई के दौरान घायल ड्राइवर मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब तक परवाणू पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर गाड़ी में सवार होकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने पांच से छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
परवाणू पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा के कालका और पंचकूला में दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घायल ईशान और सभी हमलावर हरियाणा के कालका के रहने वाले हैं और इनके बीच पुराना विवाद चला आ रहा है, जिसकी शिकायत पहले से कालका पुलिस के पास दर्ज है।
बताया जा रहा है कि ईशान बुधवार शाम मोबाइल खरीदने के लिए परवाणू आया था। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी भी वहां पहुंच गए और रात करीब पौने 10 बजे उस पर हमला कर दिया। किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126, 115, 191, 91 और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *