अमेरिका में जाह्नवी की मौत पर ऐतिहासिक समझौता, परिवार को मिलेंगे 262 करोड़ रुपये
पुलिस की गाड़ी से हुई थी टक्कर
सिएटल, अमेरिका में पुलिस की गाड़ी की चपेट में आकर जान गंवाने वाली भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला के मामले में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला आया है। सिएटल शहर प्रशासन ने जाह्नवी के परिवार को मुआवजे के तौर पर 29 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 262 करोड़ रुपये) देने पर सहमति जताई है। आंध्र प्रदेश के कुरनूल की रहने वाली 23 वर्षीय जाह्नवी की जनवरी 2023 में सिएटल में एक पुलिस गश्ती कार से टक्कर लगने के बाद मौत हो गई थी। इस समझौते के साथ ही पीड़ित परिवार और अमेरिकी प्रशासन के बीच लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई अब समाप्त हो गई है। यह सिएटल के इतिहास में पुलिस की लापरवाही से जुड़े मामलों में अब तक के सबसे बड़े समझौतों में से एक माना जा रहा है।
जाह्नवी कंडुला अपनी ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिएटल कैंपस से सूचना प्रणाली में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही थीं। घटना 23 जनवरी, 2023 की शाम की है, जब वह डेक्सटर एवेन्यू नॉर्थ पर एक जेब्रा क्रॉसिंग (मार्क किए हुए क्रॉसवॉक) पर चल रही थीं। तभी सिएटल पुलिस विभाग के अधिकारी केविन डेव ने उन्हें अपनी गश्ती गाड़ी से जोरदार टक्कर मार दी। जांच में सामने आया कि पुलिस अधिकारी को ड्रग्स ओवरडोज की एक इमरजेंसी कॉल मिली थी, जिसके बाद वह 40 किमी/घंटे की स्पीड लिमिट वाले क्षेत्र में करीब 119 किमी/घंटा की जानलेवा रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रहा था। इसी दौरान जाह्नवी कार की चपेट में आ गईं और उनकी दुखद मृत्यु हो गई।
इस हादसे के बाद एक बेहद शर्मनाक पहलू तब सामने आया जब घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य पुलिस अधिकारी का बॉडी-कैमरा फुटेज वायरल हुआ। फुटेज में वह अधिकारी जाह्नवी की मौत पर असंवेदनशील टिप्पणियां करते हुए और हंसते हुए कैद हुआ था। वीडियो में उसे यह कहते हुए सुना गया कि जाह्नवी के जीवन का मूल्य सीमित था और प्रशासन को बस एक चेक लिख देना चाहिए। इस वीडियो ने न केवल अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय बल्कि पूरी दुनिया में लोगों को झकझोर कर रख दिया था और इसके बाद भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे।
बेटी को खोने और पुलिस के इस रवैये से आहत जाह्नवी के माता-पिता ने किंग काउंटी सुपीरियर कोर्ट में गलत मौत का मुकदमा दायर किया था। उन्होंने पुलिस की लापरवाही के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की थी। अब सिएटल शहर के अधिकारियों ने अपनी गलती मानते हुए कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि यह समझौता परिवार के लिए कुछ हद तक मरहम का काम करेगा। समझौते की शर्तों के अनुसार, 29 मिलियन डॉलर में से लगभग 20 मिलियन डॉलर का भुगतान शहर की बीमा कंपनी करेगी, जबकि शेष राशि सिएटल शहर प्रशासन अपने कोष से देगा।
