February 19, 2026

पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में हिमाचल के युवक की मौत

पुलिस को ड्रग ओवरडोज का शक

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के बॉयज हॉस्टल में हिमाचल के एक युवक की मौत हुई है। इस मामले में पुलिस को ड्रग ओवरडोज का शक है।मृतक विकास कुल्लू शहर हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था। पीयू चौकी इंचार्ज एसआई नवीन कुमार ने बताया कि अभी मामले में जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने पर ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी के ब्वाॅयज होस्टल नंबर-7 के कमरा नंबर-93 में मंगलवार सुबह एक युवक की हालत खराब हो गई। आनन-फानन कमरे में मौजूद उसके साथी उसे सेक्टर-16 जीएमएसएच में लेकर गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाते ही पीयू चौकी व सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा मामले की संदिग्धतता को देखते हुए सीएफएसएल की टीम को बुलाया गया और मामले में जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान विकास निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले को नशे से भी जोड़कर देख रही है कि कहीं युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण तो नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक जिस युवक की मौत हुई है वह हिमाचल से सोमवार को चंडीगढ़ पंजाब यूनिवर्सिटी में अपने एक दोस्त को मिलने के लिए आया था। वह पीयू के हॉस्टल नंबर-7 में कमरा नंबर-93 में अपने दोस्त व अन्य युवकों के साथ रूका था। इन युवकों ने देर रात तक कमरे मे एक साथ शराब पी और फिर सो गए। लेकिन मंगलवार सुबह दोस्त से मिलने आया विकास उठा ही नहीं और उसके दोस्त उसे उठाने का प्रयास करते रहे। लेकिन जब विकास नहीं उठा तो सभी युवक उसे सेक्टर-16 अस्पताल में ले गए जहां जांच करने उपरांत डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद डाक्टर ने मामला मौत से जुड़ा होने के कारण इसका रुक्का काटा और अस्पताल चौकी से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस व सीएफएसएल की अन्य जांच टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी है। इस दौरान टीमों ने उस कमरे को खंगाला जहां युवक की मौत हुई है। मृतक युवक पीयू का छात्र नहीं था। पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी जांच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता लग सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *