March 14, 2026

जुब्बल में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त

शिमला , हिमाचल के शिमला जिला के जुब्बल में आज सुबह हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है। घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल लाया गया है। हादसे के वक्त ड्राइवर-कंडक्टर समेत बस में कुल 7 लोग सवार थे। इनमें से बस ड्राइवर कर्म दास पुत्र भोगी राम गांव कुडू जुब्बल, कंडक्टर राकेश पुत्र शिव राम गांव धरकोटी बिलासपुर, बिरमा देवी (62 साल) पत्नी अमर सिंह निवासी धांसर गांव और धनशाह ( 52) नेपाल की मौत हुई है, जबकि जयेंद्र सिंह रांगटा (63), दीपिका (25) पुत्री संजय ठाकुर निवासी गिल्टाड़ी और हस्त बहादुर घायल हैं। जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी के रोहड़ू डिपो की बस सुबह 7 बजे जुब्बल के कुडू से गिल्टाड़ी के लिए निकली थी। कुडू से यह बस मुश्किल से 3 किलोमीटर आगे पहुंचने के बाद चौरी कैंच में हादसे का शिकार हो गई और ढांक से करीब 100 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। यह बस पहाड़ी के ऊपर वाली सड़क से गिरने के बाद निचली सड़क पर रुकी, जहां आधी बस हवा में बाहर लटक गई। यहां से बस खाई में गिरी होती तो हादसा और भी भीषण हो सकता था। स्थानीय प्रशासन ने लोकल लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों का भी कुछ देर में रोहड़ू में पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ है। उन्होंने बताया कि बस में ड्राइवर-कंडक्टर सहित कुल 7 लोग सवार थे। इसमें 4 की मौत हो गई है, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें IGMC शिमला रेफर करना पड़ सकता है।

बताया जा रहा है कि यह बस गिल्टाड़ी से सवारियां लेने जा रही थी। वापसी में इस बस में रोजाना 45-50 से ज्यादा सवारियां होती है। ऐसे में यदि यह हादसा वापसी में आते वक्त होता तो भारी जानी नुकसान होता। मृतक चालक कर्म दास अपने पीछे एक बेटा, दो बेटी छोड़ और पत्नी छोड़ गए है, जबकि कंडक्टर राकेश कुमार अपनी पत्नी को पीछे छोड़ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *