February 21, 2026

केंद्र की मोदी सरकार से हिमाचल प्रदेश को लगातार कई सौगातें मिल रही हैं

शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार से हिमाचल प्रदेश को लगातार कई सौगातें मिल रही हैं। आपदा में सैंकड़ों करोड़ की राहत राशि देने के अलावा विकास कार्यों के लिए केंद्र उदारता से सहायता राशि उपलब्ध करवा रहा है जिसके लिए हम केंद्र सरकार के आभारी हैं। आज हमारी पार्टी के नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एम्स बिलासपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन तथा विश्राम सदन का शिलान्यास किया, जिससे यहां अब उत्कृष्ट सेवाएं मिलना शुरू हुई है। स्वास्थ्य सुविधा की दृष्टि से एम्स एक ऐतिहासिक सौगात है जो हमारे नेता जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहाड़ी प्रदेश को बहुत बड़ी सौगात है। एक रिकार्ड समय में बनकर ये एम्स आज हिमाचल के करीब 75 लाख आबादी के लिए सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से वरदान साबित हुआ है। आज हमें खुशी है कि प्रदेशवासियों को इस सुविधा से अब काफी राहत मिल रही है। अब लोगों को पीजीआई और दिल्ली एम्स नहीं भागना पड़ता। जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जिस प्रकार स्वास्थ्य मंत्री रहते अपने कार्यकाल में इसके लिए रात-दिन चिंता की ये उसी का परिणाम है कि आज हमें उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के केंद्र में मिल रही है। मानवता की सेवा में उनका ये योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आज भले ही कांग्रेस पार्टी की सरकार है लेकिन बाबजूद इसके केंद्र बिना किसी भेदभाव के लगातार वित्तीय मदद हमें प्रदान कर रहा है जबकि कांग्रेस नेता आभार जताने के बजाय गालियां निकालने में ज्यादा विश्वास रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *