हिमाचल के कर्मचारी मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे एक दिन का वेतन
शि.प. , हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश के कर्मचारियों से मुसीबत की घड़ी में सरकार के साथ खड़े होते हुए एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का आग्रह किया है। हिमाचल प्रदेश में लगभग ढाई लाख कर्मचारी है, ऐसे में अगर सभी कर्मचारी मुख्यमंत्री राहत कोष में एक दिन का वेतन देते हैं तो सरकार को लगभग 50 करोड रूपयों का सहयोग हो सकेगा। इससे पहले हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ड्राइवर यूनियन ने प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की थी। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का मानना है कि 4 दिन की बारिश से प्रदेश को लगभग 4000 करोड़ रुपयों का नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रदेश के कर्मचारियों का दायित्व बनता है कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार के साथ खड़े हों। बता दें कि इस आफत की बारिश ने प्रदेश में तबाही का तांडव मचाया है। हिमाचल प्रदेश सरकार पहले ही 76000 करोड से अधिक के कर्ज में डूबी हुई है। लगभग 10000 करोड से अधिक की देनदारियां कर्मचारियों व पेंशनरों की बकाया है। ऐसे में कर्मचारी महासंघ का यह फैसला एक सराहनीय कदम कहा जा सकता है।
