हिमाचल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू पर फिर लगाए आरोप
बोर्ड और निगमों में कार्यकर्ताओं की तैनाती न होने से कुलदीप कुमार नाराज
शि.प., ठियोग से विधायक व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने बोर्ड, निगमों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती में देरी किए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री पर इस मामले में भेदभाव का आरोप लगाकर हाईकमान तक से मिल चुकी है। कुलदीप राठौर ने भी बोर्ड निगमों में तैनाती में की जा रही देरी को कार्यकर्ताओं की अनदेखी बताते हुए इस मामले में मुख्यमंत्री को शीघ्र कदम उठाने की सलाह दी है। कुलदीप राठौर ने कहा कि बोर्ड निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पदों पर कार्यकर्ताओं की नियुक्ति न होने से कार्यकर्ता मायूस हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार कार्यकर्ताओं की वजह से आई है, ऐसे में कार्यकर्ताओं की अनदेखी सरकार व संगठन के लिए उचित नहीं है। कुलदीप राठौर ने कहा कि वे संगठन के व्यक्ति है व लंबे समय तक पार्टी के अध्यक्ष भी रहे हैं। ऐसे में उन्हें लगता है कि कार्यकर्ताओं को जो सम्मान मिलना चाहिए था वह नहीं मिल पा रहा है। कुलदीप राठौर ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक मुकदमे दर्ज किए गए थे, उन्हें सरकार आने के बाद भी आज तक रद्द नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विपक्ष में रहने के दौरान जो मुकदमे दर्ज हुए थे वह वापस होने चाहिए। कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट मंत्री के 3 पद खाली है जबकि विभिन्न बोर्ड और निगमों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की तैनाती भी होनी अभी बाकी है। यहां बता दें कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस व प्रदेश सरकार के बीच तालमेल न होने की खबरें अक्सर सामने आने लगी है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी यह मुद्दा दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात के दौरान उठा चुकी है।
