हिमाचल कांग्रेस कार्यालय में हाई वोल्टेज ड्रामा
मुख्यमंत्री सुक्खू- मंत्री विक्रमादित्य सिंह समर्थकों ने की नारेबाजी
शिमला, शुक्रवार को शिमला कांग्रेस कार्यालय में गुटबाजी सामने आई। कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान की सफलता के लिए राजीव भवन शिमला पहुंचे थे। इस दौरान यहां मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। यह नारेबाजी काफी देर तक चलती रही। राजीव भवन शिमला में मंच पर बैठे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सह प्रभारी चेतन चौहान और दूसरे वरिष्ठ नेता बार-बार कार्यकर्ताओं को चुप रहने के लिए कह रहे थे। मगर, कार्यकर्ता नहीं माने, उल्टा जोर-जोर से नारेबाजी करते रहे। मुख्यमंत्री समर्थक सुक्खू के पक्ष और मंत्री समर्थक विक्रमादित्य के पक्ष में नारेबाजी करते रहे। यह नारेबाजी लगभग दस मिनट तक चलती रही।भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गुटों में बंटी है। शुक्रवार को शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में यह स्पष्ट देखने को मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अभियान का नाम बदलकर चोर मचाए शोर रखना चाहिए। शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में राकेश पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के गुटों में हुए टकराव ने संदेश और संकेत दिया है कि सरकार एवं संगठन दोनों अस्थिर है।
