बांग्लादेश चुनाव में भारी हिंसा व बमबारी; झड़प में बीएनपी नेता की मौत
ढाका, बांग्लादेश में आम चुनावों के लिए चल रही वोटिंग के बीच भारी हिंसा और अराजकता की खबरें सामने आ रही हैं। लोकतंत्र के इस पर्व पर हिंसा का ग्रहण लग गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से दो मतदान केंद्रों पर देसी बम फटने की पुष्टि हुई है, जिससे मतदाताओं में दहशत का माहौल है। वहीं, खुलना में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान विपक्षी दल बीएनपी के एक नेता की मौत हो गई है।
सबसे दुखद घटना खुलना सदर से सामने आई है। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां के आलिया मदरसा पोलिंग बूथ पर गुरुवार सुबह वोट मांगने को लेकर दो पक्षों में तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई। इस दौरान खुलना मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व कार्यालय सचिव और नेता मोहिबुज्जमां कोच्चि की मौत हो गई। स्थानीय बीएनपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि विरोधी पक्ष द्वारा धक्का दिए जाने के बाद कोच्चि की तबीयत बिगड़ गई थी। केएमपी कमिश्नर मोहम्मद जाहिदुल हसन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि झड़प के बाद नेता बीमार पड़ गए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंसा की दूसरी बड़ी घटना गोपालगंज में हुई। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, यहाँ के निचूपारा इलाके में स्थित रेशमा इंटरनेशनल स्कूल मतदान केंद्र पर सुबह करीब 9 बजे एक देसी बम विस्फोट हुआ। इस धमाके में सुरक्षा में तैनात अंसार के दो जवान, सुकांतो मजूमदार और जमाल मोल्ला घायल हो गए। साथ ही एक 13 साल की बच्ची अमेना खानम भी इसकी चपेट में आ गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि तीनों को मामूली चोटें आई हैं। पीठासीन अधिकारी जहीरुल इस्लाम ने बताया कि धमाके की तेज आवाज हुई थी, लेकिन सुरक्षाबलों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और मतदान प्रक्रिया बाधित नहीं हुई। घटना के बाद केंद्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, हिंसा की आग मुंशीगंज तक भी पहुंच गई। यहां सदर उपजिला के मोल्लाकांडी यूनियन स्थित मखाती गुरुचरण हाई स्कूल में सुबह करीब 11 बजे देसी बम से धमाका किया गया। पुलिस थाने के प्रभारी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम ने बताया कि यह घटना बीएनपी समर्थित उम्मीदवार कमरुज्जमां और निर्दलीय प्रत्याशी मोहिउद्दीन के समर्थकों के बीच हुई भिड़ंत के दौरान घटी। दोनों गुटों के बीच सुबह से ही तनाव बना हुआ था जो बाद में बमबारी में बदल गया। पुलिस फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
