March 31, 2026

दिल्ली-एनसीआर में हवा के साथ कई इलाकों में झमाझम बारिश

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम तेजी से बदल रहा है। सुबह से तेज धूप निकलने के बाद दोपहर तक आसमान में बादल छा गए। शाम चार बजे से कई इलाकों हल्की तो कई जगहों पर झमाझम बारिश शुरू हो गई। नोएडा, ग्रेटर नोएडा में हवा के साथ बारिश शुरू हो गई है और फरीदाबाद में काले बादल छाए हुए हैं। वर्षा से मौसम में सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।इससे पहले, मौसम विभाग ने एनसीआर में मंगलवार के लिए भी हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बिजली कड़कने की भी संभावना है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री रहा जबकि अधिकतम 33 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल महीने की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते 3 और 4 अप्रैल को राजधानी में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल मंडराते रह सकते हैं। दो तीन दिन से लगातार तेज धूप निकलने की वजह से दोपहर में काफी ज्यादा गर्मी बनी हुई है। दोपहर में लोग धूप व गर्मी से बचाव का प्रयास करते दिख रहे हैं।रविवार को भी दिनभर धूप तपाती रही थी। जिसकी वजह से तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी। दोपहर में लोगों को काफी ज्यादा गर्मी का एहसास हो रहा था। वहीं सोमवार को भी सुबह से दोपहर तक काफी तेज धूप रही। जिससे दोपहर तक गर्मी ज्यादा महसूस हो रही थी। दोपहर बाद आसमान में घने बादल घिर आए। साथ ही तेज हवा चलनी शुरू हो गई। शाम को वर्षा होने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *