February 15, 2026

ग्लोबल ट्रेड वॉर शुरू होने की आशंका से शेयर बाजार में भारी गिरावट

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के दिन मेक्सिको जैसे पड़ोसी देशों पर टैरिफ लगाने का एलान किया है। इसके बाद ग्लोबल ट्रेड वॉर शुरू होने की आशंका ने जोर पकड़ लिया। भारतीय शेयर बाजार में भी निवेशकों ने भारी बिकवाली की। इससे बेंचमार्क सेंसेक्स 1,235 अंक टूटकर सात महीने के निचले स्तर पर आ गया।

आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट के कारण 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,235.08 अंक या 1.60 प्रतिशत टूटकर 75,838.36 पर आ गया। दिन के दौरान बीएसई बेंचमार्क 1,431.57 अंक या 1.85 प्रतिशत टूटकर 75,641.87 के निचले स्तर पर आ गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 320.10 अंक या 1.37 प्रतिशत टूटकर 23,024.65 पर बंद हुआ। इंट्राडे ट्रेड में एनएसई निफ्टी 367.9 अंक या 1.57 प्रतिशत गिरकर 22,976.85 पर आ गया।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू बाजारों में आज काफी गिरावट देखी गई। ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण के दिन पड़ोसी देशों पर व्यापार शुल्क लगाने की घोषणा की, जिससे वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई। चालू तिमाही की आय में कमजोर रिकवरी, साथ ही रुपये में गिरावट के कारण एफआईआई द्वारा और अधिक निकासी की आशंका है। इसका ओवरऑल इंपैक्ट शेयर बाजार पर दिख रहा है।

सेंसेक्स शेयरों में, जोमैटो, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक में सबसे अधिक गिरावट दिखी। जोमैटो तो 10 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ 215.40 रुपये पर बंद हुआ। सिर्फ अल्ट्राटेक सीमेंट और एचसीएल टेक्नोलॉजीज ही हरे निशान में रहे।

अगर एशियाई बाजारों की बात करें, तो टोक्यो और हांगकांग बढ़त पर बंद हुए। वहीं शंघाई और सियोल मंगलवार को सपाट रहे। यूरोपीय बाजार बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। मार्टिन लूथर किंग जूनियर दिवस के अवसर पर सोमवार को अमेरिकी बाजार बंद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *