स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया मच्छर मार अभियान,
ब्लीचिंग पाऊडर का छिडक़ाव शुरू किया
चरखी दादरी, जलभराव के कारण मक्खी-मच्छरों का जमावड़ा भी शुरू हो गया है। जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। इस स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ब्लीचिंग पाऊडर, काला तेल व गंबुजिया मछली को पानी में डालने का कार्य तीव्र कर दिया है तथा फोगिंग शुरू करवा दी है।
डिप्टी सीएमओ डा. गौरव भारद्वाज ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शहर में दूषित जलभराव से बीमारियां फैलने की आशंका गहराती जा रही है। इन दिनों में बुखार, वायरल, आई फ्लू, जुकाम, खांसी, एलर्जी आदि के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बरसात रूकते ही सडक़ों और कालोनियों में खड़े हुए पानी में मच्छरों का लारवा खाने वाली गंबुजिया मछली को छोडऩा शुरू किया हुआ है। इसके अलावा पानी को कीटाणु मुक्त करने के लिए इसमें ब्लीचिंग पाऊडर डाला जा रहा है। मच्छरों का लारवा पानी में ना पनपें, इसके लिए काला तेल भी डाला जा रहा है।
डा. गौरव भारद्वाज ने बताया कि गांवों में सभी सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके यहां जलभराव की समस्या है तो वे ब्लीचिंग पाऊडर डालना शुरू करवा दें। सीएचसी में ब्लीचिंग पाऊडर के पैकेट पहुंचा दिए गए हैं। नागरिक अपनी सेहत का ध्यान रखें और साफ पानी पिएं, ताजा भोजन करें। बाजार की चीजों का सेवन बंद कर दें। शरीर में पसीना आने के समय शीतल पेय पीने से आदमी का गला खराब हो सकता है। इसलिए गर्म-सर्द से खुद को बचा कर रखें।
