पंजाब नेशनल बैंक के 132वें स्थापना दिवस पर लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर
हमीरपुर। पंजाब नेशनल बैंक के 132वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को यहां टाउन हॉल में निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया। बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद यादव के मार्गदर्शन में यह शिविर मोहाली के प्रसिद्ध शैल्बी अस्पताल के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस शिविर के आयोजन में नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, मुख्य प्रबंधक अखिल गंगवार और अन्य अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
शिविर के दौरान लगभग 108 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान लोगों के रक्तचाप और रैंडम ब्लड शुगर इत्यादि की जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। शैल्बी अस्पताल मोहाली के प्रसिद्ध गैस्ट्रो सर्जन डॉ. द्विज जयंत ने मरीजों की जांच की तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
डॉ. द्विज जयंत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बदलती खान-पान की आदतों, अनियमित दिनचर्या, बढ़ते तनाव, कुछ क्षेत्रों में असुरक्षित पेयजल, पैकेज्ड एवं बाहरी भोजन के बढ़ते चलन के कारण पाचन संबंधी (गैस्ट्रो) रोगों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि एसिडिटी, गैस्ट्राइटिस, अपच, लीवर संबंधी समस्याएं एवं आंतों से जुड़ी बीमारियां अब अधिक देखने को मिल रही हैं, जिनका समय पर परामर्श लेकर बचाव किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर प्रारंभिक स्तर पर बीमारियों की पहचान करने एवं लोगों में जागरुकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
