February 3, 2025

हरियाणा के नेताओं को मिली दिल्ली में कमल खिलाने की जिम्मेदारी

कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताई पूरी रणनीति

चंडीगढ़ : बीते 27 सालों से देश की राजधानी दिल्ली में सत्ता का सूखा झेल रही भारतीय जनता पार्टी इस बार किसी भी सूरत में चुनाव जीतना चाहती है। लगातार तीसरी बार केंद्र और हरियाणा की सत्ता में वापसी करने के बाद भारतीय जनता पार्टी किसी भी सूरत में दिल्ली की सत्ता में वापसी करना चाहती है। इसके लिए भाजपा की ओर से हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के प्रमुख नेताओं की दिल्ली चुनाव में जिम्मेदारी तय की है। इसी के चलते दिल्ली चुनाव में भागीदारी निभा रहे हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पार्टी की रणनीति को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बेदी ने बताया कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और दिल्ली प्रदेश की इकाई ने दिल्ली चुनाव को लेकर क्या रणनीति बनाई है और भारतीय जनता पार्टी के नेता दिल्ली चुनाव को लेकर किस प्रकार से मैदान में उतरे हैं?

दिल्ली के चुनाव प्रचार में डटे हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि दिल्ली की 32 विधानसभा सीटों पर हरियाणा का शीर्ष नेतृत्व काम कर रहा हैं। उन्हें त्रिलोकपुरी विधानसभा के साथ बाकी नेताओं के साथ तालमेल बैठाने की जिम्मेदारी मिली है। इसके चलते वह सभी 32 विधानसभा सीटों को छू रहे हैं। बीती 2 जनवरी से वह लगातार दिल्ली में है। इस दौरान वह हर जाति वर्ग, हर उम्र, हर कारोबारी और नौकरी करने वालों से व्यक्तिगत तौर पर मिल रहे हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि वह आज न तो मोह्ल्ला क्लीनिक की और न ही बढिय़ां शिक्षा देने की बात कर रहे हैं। वह अब 2100 रुपए देने की बात कर रहे हैं। उनके एक भी बयान में खुद के किए कार्य की चर्चा नहीं हैं।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कृष्ण बेदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले दिन से ही अपने घोषणा पत्र पर काम करना शुरू कर दिया था। चुनाव के दौरान वादा किया था कि जिन 24 हजार युवाओं का नौकरी में चयन हो गया था, लेकिन कांग्रेस के कोर्ट में जाने के कारण उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाए थे। उस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह बाद में शपथ लेंगे, युवाओं को उनके नियुक्ति पत्र पहले देंगे। महिलाओं को 500 रुपए में सिलेंडर दिया जा रहा है। केंद्र में 21 बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को दिव्यांग पेंशन में रखा जा रहा है। कैबिनेट की पिछली मीटिंग में हरियाणा में इस पर भी मुहर लगाने का काम किया गया है। भ्रष्ट व्यक्तियों की लिस्ट बनाई गई है।

कांग्रेस के पास ना कोई सोच, ना कोई नीति
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री बेदी ने कहा कि कांग्रेस के पास ना कोई नीति है, ना कोई नीयत और ना कोई सोच है। डा. अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान उनके लिए कुछ नहीं किया। भारतीय जनता पार्टी ने जिस मकान में बाबा साहब का देहांत हुआ वहां संग्रहालय बनाने का काम किया। जन्म भूमि महूं में सेना से कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद महंगे दामों पर जमीन लेकर वहां संग्रहालय बनाने का काम किया। बाबा साहब अंबेडकर से जुड़े 5 स्थानों को तीर्थ बनाने का कार्य भाजपा ने किया।