हरियाणा निवेश के लिए उत्तम राज्य के रूप में उभर रहा है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी की वीर धरा पर हरियाणा की जनता से आने वाले वर्षों में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए अपना सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने हरियाणा को अद्भुत संभावनाओं का राज्य बताते हुए कहा कि हरियाणा निवेश के लिए उत्तम राज्य के रूप में उभर रहा है और निवेश बढ़ने से नौकरियों के अवसरों में भी वृद्धि होगी। डबल ईंजन की सरकार विकसित हरियाणा बनाने में जुटी है, जिससे आज की युवा पीढ़ी का भविष्य उज्जवल होने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना भी बहुत जरूरी है और इसी कड़ी में आज हरियाणा के लिए लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया है। श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने गरीब कल्याण की जो भी योजनाएं बनाई हैं, उनको शत प्रतिशत लागू करने में हरियाणा अव्वल है। यहां खेती के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है, उद्योगों का दायरा भी निरंतर बढ़ रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, जब देश के 22वें एम्स का यहां शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी कि एम्स का केंद्र खोला जाए और आज उसका शिलान्यास हुआ है। हरियाणा सरकार द्वारा भी प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की जो एक मुहिम चलाई हुई है, उस मुहिम में भी यह एम्स एक बड़ा महत्त्व रखता है। इस एम्स से न केवल दक्षिण हरियाणा के लोगों को बल्कि राजस्थान के लोगों को भी बहुत बड़ा लाभ मिलने वाला है। उन्होंने इस एम्स के लिए माजरा गांव के लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी पंचायती जमीन दी है। इसके अलावा निजी लोगों की जमीन भी खरीदी गई है।
