December 22, 2025

केजरीवाल पर केस करेगी हरियाणा सरकार

चुनाव आयोग में शिकायत करेगा भाजपा का प्रतिनिधिमंडल

नई दिल्ली: यमुना नदी पर दिए बयान को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किल बढ़ सकती है। जहां एक तरफ हरियाणा सरकार ने उन पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग में भी केजरीवाल की शिकायत करेगा।
दरअसल, केजरीवाल ने सोमवार को दावा करते हुए हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया था कि यमुदा नदी में जहर मिलाकर भेजा जा रहा है।

केजरीवाल के आरोप पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, “केजरीवाल ने यह बयान देकर साबित कर दिया है कि वह सस्ती राजनीति के लिए कुछ भी कर सकते हैं। जिस धरती पर वह पैदा हुए वहां का
अपमान किया है। हम लोग यमुना नदी को पवित्र मानते हैं। यहां के लोग नदी में जहर क्यों मिलाएंगे। 2020 में केजरीवाल ने कहा था कि यमुना नदी को साफ करेंगे नहीं तो वोट मांगने नहीं आएंगे। केजरीवाल वादा पूरा करने में फेल हुए तो दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। केजरीवाल इस बयान के लिए माफी मांगे नहीं तो हम उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।”

हरियाणा सरकार पर लगे आरोप पर हरियाणा भाजपा की ओर से भी जवाब आया। हरियाणा भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया।

पोस्ट में लिखा कि अपनी घटिया और कुत्सित राजनीतिक हित साधने के लिए किस हद तक कोई गिर सकता है इसका उत्कृष्ट उदाहरण अरविंद केजरीवाल है। हरियाणा की मिट्टी में दुर्भाग्य वश पैदा हुआ ये कपूत, हरियाणवियों को जी भर-भर के गालियां देता है, ताकि दिल्ली के चुनाव में राजनीतिक लाभ उठाया जा सके। यमुना में जहर मिलाने का पाप कोई भी सच्चा हरियाणवी नहीं कर सकता लेकिन द्वापर युग में कालिया नाग ने यमुना नदी को विषैला करने की कोशिश की थी।”

पोस्ट में आगे केजरीवाल को कलयुग का कालिया नाग बताया गया है, जिसने 2020 में झूठा वादा किया था कि अगर यमुना को दूषित होने से नहीं बचाया तो कभी वोट नहीं मांगने आऊंगा। केजरीवाल को आगामी चुनाव में दिल्ली की जनता उसी तरह नाथने का काम करेगी, जैसा द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण ने कालिया नाग को किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *