December 23, 2025

हरियाणा ने यमुना के पानी में जहरीले स्तर तक पहुंचाया अमोनिया: आतिशी

मुख्यमंत्री आतिशी और भगवंत मान ने चुनाव आयोग से की शिकायत

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को यमुना जल मुद्दे को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। आतिशी ने कहा कि हमने दिल्ली में पानी के मुद्दे पर चर्चा की। हमने चुनाव आयोग को बताया कि कैसे हरियाणा के यमुना जल में अमोनिया का स्तर जहरीले स्तर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि अगर हमें ऐसा दूषित पानी मिलता रहा, तो हमारे कई जल उपचार संयंत्र बंद हो जाएंगे और दिल्ली के 30 प्रतिशत हिस्से को कोई पानी नहीं मिलेगा।

यमुना जल मामले में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के बयान पर आतिशी ने कहा कि उन्होंने खुद अपने झूठ का पर्दाफाश किया है। यह कोई राय का विषय नहीं है। यह एक तथ्यात्मक बयान है। यहां तक कि डीजेबी सीईओ द्वारा लिखे गए पत्र में भी कहा गया है कि दिल्ली के जल उपचार संयंत्र 1-2 पीपीएम तक अमोनिया का उपचार कर सकते हैं। मैंने चुनाव आयोग को यह सुझाव दिया है कि दोनों सरकारों के संबंधित अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाई जाए।

हरियाणा के भाजपा सांसदों ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को उनके इस दावे को लेकर गिरफ्तार करने की मांग की है जिसमें कहा गया है कि दिल्ली में पेयजल आपूर्ति के स्रोत यमुना नदी में हरियाणा जहर बहा रहा है। हरियाणा के सभी 10 सांसदों ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह केजरीवाल की आपराधिक साजिश का स्पष्ट मामला है क्योंकि वह दिल्लीवासियों के बीच डर पैदा करने की चेष्टा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *