हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 : चुनाव का पर्व -प्रदेश का गर्व
जिले में विधानसभा आम चुनाव 2024 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सलोनी शर्मा ने की, जिसमें जिले के विभिन्न अधिकारियों और स्वीप टीम के सदस्यों ने भाग लिया।
एडीसी सलोनी शर्मा ने बैठक के दौरान कहा कि मतदान की तिथि नजदीक है और ऐसे में सभी स्वीप गतिविधियों को तेज गति से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है जिससे अधिक से अधिक लोगों को जागरूकता गतिविधियों में सहभागी बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चल रहे अभियानों में और अधिक प्रभावशाली व रचनात्मक तरीके से काम किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वीप गतिविधियों का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया। इसके तहत विशेष रूप से युवा मतदाताओं और महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक, रैलियों, वॉल पेंटिंग, फ्रेंडली मैच, अपील करते हुए वीडियो और अन्य रचनात्मक तरीकों का भी इस्तेमाल किया जाना चाहिए, ताकि मतदाताओं को जागरूक किया जा सके। कोर कमेटी की इस मीटिंग में स्वीप गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा भी की गई और मतदाता जागरूकता के लिए अभी तक किए गए कार्यों की सराहना की गई। एडीसी ने कहा कि मतदाता जागरूकता का यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और इसके सफल आयोजन के लिए हर व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है।
