ट्वीट के बाद विपक्षी दलों के निशाने पर हरजोत बैंस
सचिन सोनी,आनंदपुर साहिब, ‘महाराजा रणजीत सिंह के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सबसे पसंद किए जाने वाले नेता है’ पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के उक्त ट्वीट ने पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अकाली दल के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी हरजोत सिंह बैंस से इस ट्वीट के लिए माफी मांगने को कहा है। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की तुलना शेर ए पंजाब महाराजा रणजीत सिंह से करना निंदनीय है व इसके लिए हरजोत सिंह बैंस को माफी मांगनी चाहिए। इसके उपरांत हरजोत सिंह बैंस ने भी इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि महाराजा रणजीत सिंह उनके आदर्श है व उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल भी इस बयान पर विपरीत प्रतिक्रिया दे चुका है। पार्टी के प्रवक्ता विरसा सिंह वल्टोहा ने हरजोत सिंह बैंस के ट्वीट की निंदा करते हुए कहा था कि जिसकी आदतों के कारण उसका परिवार छोड़कर चला जाए उसकी तुलना महाराजा रणजीत सिंह से करना गुनाह है। यह समस्त पंजाबियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है। हरजोत सिंह बैंस ने सुखबीर सिंह बादल के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी थी जिसमें भगवंत मान को ‘पागल जैसा’ कहा था। इस पर हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट किया था ‘सुखबीर बादल अपनी पार्टी का भोग डालने के बाद भी आप अहंकार में हैं। महाराजा रंजीत सिंह के बाद भगवंत मान सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले नेता है। आपने भगवंत मान को बुरा नहीं बोला बल्कि पंजाब के लोगों का अपमान किया है, जो आप को कभी माफ नहीं करेंगे’।
