February 19, 2026

हरजोत बैंस को बर्खास्त, एसपी ज्योति यादव को निलंबित किया जाए: झिंझर

चंडीगढ़ : यूथ अकाली दल ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से आम आदमी पार्टी की सरकार को शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस को बर्खास्त करने और पुलिस अधीक्षक ज्योति यादव को निलंबित करने के अलावा पति- पत्नी के खिलाफ 100 करोड़ रूपये के साइबर अपराध घोटाले के आरोपों की पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय की निगरानी में जांच शुरू करने का निर्देश देने की अपील की है।

यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंझर ने शुक्रवार को राज्यपाल से आप सरकार को मामले की विस्तृत जांच के लिये प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भेजने का निर्देश देने की अपील की है क्योंकि इसमें मनी लान्ड्रिंग भी की गई है। झिंझर ने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि मामले की जांच के लिये राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) एक कैबिनेट मंत्री को जवाबदेह कभी नहीं ठहरायेगी। उन्होंने कहा,‘‘ ऐसी स्थिति में एसआईटी बनाने का कोई तर्क नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि पंजाबियों को लगता है कि एसआईटी का इस्तेमाल मंत्री को क्लीन चिट देने के लिये किया जा सकता है, और यही कारण है कि सिर्फ उच्च न्यायालय की निगरानी वाली जांच और प्रवर्तन निदेशालय की जांच से ही मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

झिंझर ने कहा कि यूथ अकाली दल राज्यपाल से मिलकर पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगर आप सरकार ने नरम रुख अपनाकर दागी मंत्री का सरंक्षण जारी रखा तो यूथ अकाली दल उन्हें काले झंडे दिखायेगा और धरने देगा।

सौ करोड़ रूपये के घोटाले का जाल दिल्ली तक फैला हुआ होने का दावा करते हुए अकाली नेता ने कहा, ‘‘ हरजोत बैंस आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के चहेते हैं और यही कारण है कि उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एजेंसियों को आप द्वारा विमान किराये पर लेने और अन्य राज्यों में व्यापक प्रचार अभियान चलाने के लिए इस भारी राशि की जांच की भी आवश्यकता है।’

उन्होंने कहा कि मामले में मुखबिर इंस्पेक्टर अमनजोत कौर को न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर ने राज्य के पुलिस महानिदेश को दिये ज्ञापन में खुलासा किया है मोहहाली में तैनात एसपी ज्योति यादव ने आरोपियों का पक्ष लेने के लिये उन पर किस तरह दबाव बनाया ।

उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर ने यह भी खुलासा किया है कि मोहाली के एक घर से अवैध साइबर सेंटर चलाने वाले विजय राज कपूरिया बैंस का करीबी सहयोगी है । उन्होंने कहा कि यही कारण है कि पति पत्नी और यादव के खिलाफ निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। यूथ अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि यह पता लगाने के लिए एक अलग जांच भी शुरू की जानी चाहिए कि कैसे प्रवासी भारतीय को निशाना बनाया गया और उनके पैसे का कैसे दुरुपयोग किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रवासी समुदाय में विश्वास पैदा करना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान प्रवासियों ने आप का समर्थन किया। अब उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है, लेकिन आप सरकार ने अभी तक इस अपराध की जांच शुरू नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *