March 24, 2026

चरण गंगा स्टेडियम में विरासती खेलों का शानदार आगाज़

पंजाबी संस्कृति की रंगीन झलक: अतिरिक्त उपायुक्त

राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब की समृद्ध विरासत और संस्कृति के प्रतीक विरासती खेलों का भव्य शुभारंभ चरण गंगा स्टेडियम में किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) चंद्र ज्योति सिंह और सहायक आयुक्त (जनरल) अभिमन्यु मलिक ने मशाल प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चरण गंगा स्टेडियम में रंगले पंजाब की सजीव तस्वीर देखने को मिल रही है, जहां चारों ओर पारंपरिक और सांस्कृतिक रंग दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और पंजाबी पहचान को मजबूत करते हैं।
विरासती खेलों के दौरान दस्तार बांधी प्रतियोगिता, ढाडी दरबार, शानदार मार्च पास्ट, मशाल प्रदर्शन, गिद्धा और भंगड़ा, गटका प्रदर्शनी मैच, घोड़ा डांस और टेंट पेगिंग जैसी पारंपरिक खेलों और कलाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष मार्शल आर्ट्स कौशल के प्रदर्शन ने भी कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। रंगोली और हाथियों के जोड़े ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण उत्पन्न किया और लोगों का ध्यान खींचा।
गटका मुकाबलों के दौरान नेशनल गटका एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया। दस्तार बांधी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला, जो नई पीढ़ी में विरासती खेलों के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है। प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
ढाडी और कविशरी जत्थों की प्रस्तुतियों ने पंजाब के शौर्य और ऐतिहासिक विरसे को जीवंत कर दिया। अतिरिक्त उपायुक्त और सहायक आयुक्त (जनरल) ने युवाओं के बढ़ते रुझान पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं में अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे ताकि पंजाब की समृद्ध विरासत अगली पीढ़ी तक सुरक्षित रूप से पहुंच सके।
इस अवसर पर सुखपाल सिंह (मेला अधिकारी कम एस.डी.एम श्री आनंदपुर साहिब), चेतन बांगड़ (एस.डी.एम मोरिंडा), विनोद कुमार (तहसीलदार), बलजिंदर सिंह ग्रेवाल (जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी), इसान चौधरी (ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी), जगजीवन सिंह (जिला खेल अधिकारी), मंच संचालक रणजीत सिंह (एन.सी.सी अधिकारी), अजय बैंस (सहायक मंच संचालक), सहायक सिविल सर्जन रूपनगर बॉबी गुलाटी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रुति शर्मा, एक्सीयन पंचायती राज अवतार सिंह, एक्सीयन जल सप्लाई हरजीतपाल सिंह, कार्य साधक अधिकारी गुरदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *