February 25, 2026

सरकारी बसों में सफर के लिए पुलिसकर्मियों के अंशदान में बढ़ोतरी को वापस ले सरकार: जयराम ठाकुर

शिमला : भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में सफ़र के लिए पुलिसकर्मियों के अंशदान में पांच गुना बढ़ोतरी किए जाने को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

ठाकुर ने कहा कि पुलिसकर्मी शासकीय काम से ही यात्रा करत है, ऐसे में उसे अपनी जेब से पैसे देने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बार सरकार एचआरटीसी की बसों में अनुदानित यात्रा पर रोक लगा देती है, फिर कहती है कि पुलिस कर्मियों को आधिकारिक यात्रा पर आया खर्च वापस देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने फिर पलटी मारी है और पुलिसकर्मियों के अंशदान को पांच गुना बढ़ाने की शर्त पर उन्हें एचआरटीसी की बसों में यात्रा की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि अब हर पुलिस कर्मी हर साल अपने वेतन से छः हज़ार रुपये बस में यात्रा करने के अंशदान के नाम पर कटवाएगा, चाहे वह यात्रा करे या न करे।

भाजपा नेता ने कहा कि राजकीय कार्य के लिए काम के लिए पुलिस कर्मी अपनी जेब से पैसे क्यों खर्च करें? सरकार ने जब कहा था कि आधिकारिक कार्य के लिए पुलिसकर्मियों को यात्रा खर्च का भुगतान करेगी, तो सरकार पुलिसकर्मियों के वेतन से पैसे क्यों काटे जा रहे। सरकार एचआरटीसी के अंशदान का सीधे भुगतान करे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अपनाया गया यह रवैया पूरी तरह से ग़लत है। सरकार सिर्फ़ जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *