भारत सरकार किसानों के साथ बातचीत के लिए हमेशा तैयार
अंबाला : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज का अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। किसान नेता जगजीत डल्लेवाल ने कहा कि केंद्र ने एक भी मांग नहीं मानी। जब तक मुद्दे हल नहीं होंगे, तब तक आंदोलन चलता रहेगा। आज शाम होने की वजह से हम आंदोलन रोक रहे हैं। कल फिर दिल्ली के लिए कूच करेंगे।
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत सरकार किसानों के साथ बातचीत के लिए हमेशा तैयार है। किसान संगठनों के दिल्ली कूच करने के अभियान के बीच चंडीगढ़ जाकर उनसे बातचीत करने वाले केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि भारत सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है । भारत सरकार किसानों के साथ हमेशा बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन कई मुद्दों पर राज्य सरकारों के साथ विचार-विमर्श कर रास्ता निकालना होगा और इसके लिए कोई फोरम बनाना पड़ेगा। वहीं, किसानों के विरोध के मद्देनजर टीकरी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतेजाम किए गए हैं। सीमेंट के बड़े-बड़े ब्लॉक डालकर रोड को जाम कर दिया गया है। किसानों के दिल्ली चलो विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर यातायात बाधित है। यहां पर लोग घंटों से जाम में फंसे हैं। ट्रैफिक जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
