सरकार ने किसान हित में लांच की ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ मोबाइल एप्लीकेशन : डीसी कैप्टन शक्ति सिंह
शत- प्रतिशत जमीन पंजीकृत कराने वाले किसानों को मिलेगी सौ रुपए प्रोत्साहन राशि – मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 31 जुलाई तक पंजीकरण करवाने पर ही मिलेगा लाभ
झज्जर, डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि आजादी अमृत काल में हरियाणा सरकार द्वारा किसान हित में ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ मोबाइल एप्लीकेशन लांच की गई है। इस एप्लीकेशन की सहायता से किसान घर बैठे अपनी पूरी फसल का पंजीकरण कर सकेंगे। जो किसान अपनी पूरी जमीन का पंजीकरण 31 जुलाई तक करवाएगा उसे प्रोत्साहन स्वरूप एक सौ रुपए की राशि मिलेगी। डीसी से योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा एप्लीकेशन जिला के किसानों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं व योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाने में भी मदद करेगी। किसान अब कहीं भी किसी भी समय अपने मोबाइल पर एक टैप के माध्यम से कृषि से संबंधित विभिन्न जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, इससे उन्हें सहूलियत होगी व उनके समय की भी बचत होगी। किसान गूगल प्ले स्टोर से ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ सर्च करके ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। डीसी ने जिलाभर के किसानों का आह्वान किया है कि वे कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए 31 जुलाई तक पोर्टल पर अपनी शत-प्रतिशत जमीन का जरूर पंजीकरण कराएं। किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए कृषि विशेषज्ञों की सलाह अनुसार खेती करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि किसान अपनी शत प्रतिशत जमीन का घर बैठे मेरी फसल मेरा ब्यौरा मोबाइल एप पर नि शुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। किसान अधिक जानकारी के लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 या उप निदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 31 जुलाई तक शत प्रतिशत पंजीकरण उपरांत ही किसानों को यह राशि मिलेगी।
