आपदा में भी राजनीति से बाज नहीं आ रही है सरकार : जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला और मुख्यमंत्री से लेकर तमाम मंत्रियों के द्वारा लगाए जा रहे सभी बेबुनियाद आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आपदा में प्रदेश के साथ खड़े रहने के लिए मुख्यमंत्री को दिल्ली जाकर आभार जताना चाहिए था और सारी स्थिति पर अपना पक्ष रखना चाहिए था लेकिन उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। समय से पहले मदद मिलने के बाद भी एक पाई न मिलने जैसी बातें करने लगे। राजनीति से प्रेरित होकर इस तरह के आरोप लगाना बहुत शर्मनाक हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कह दें कि राहत और बचाव कार्य के लिए केंद्र ने एनडीआरएफ़ की टीमें नहीं भेजी, बीआरओ को काम पर नहीं लगाया, थल सेना और वायु सेना के जवानों ने अपनी जान को जोखिम में डालकर हज़ारों लोगों के प्राणों की रक्षा नहीं की। वह कह दें कि वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने दुनिया के सबसे ख़तरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन को हिमाचल में अंजाम नहीं दिया या प्रधानमंत्री गृहमंत्री, समेत अन्य मंत्री और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कंधे से कंधा मिलाकर हिमाचल प्रदेश के साथ खड़े होने का भरोसा नहीं दिया। इतना सब कुछ करने के बाद भी यदि मुख्यमंत्री और उनके मंत्री समेत कांग्रेस के बाक़ी नेता अगर कह रहे हैं कि केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की तो इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने यह बातें शिमला में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने विक्रमादित्य को बात-बात पर पलट जाने वाले पलटू राम कहा।
