February 22, 2026

सरकार नागरिकों को अच्छी प्रशासनिक व्यवस्थाएं देने को प्रतिबद्ध : डॉ राकेश कुमार

नारनौल। सुशासन सप्ताह के तहत डीआरडीए हाल में आयोजित जिला स्तरीय सेमिनार को संबोधित करते हुए जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार ने कहा कि लोकहितकारी नीतियों को प्रभावित तरीके से लागू करना ही सुशासन होता है। इसी पैमाने से गुड गवर्नेंस डे का इंडेक्स प्रदर्शित होता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सरकार की सभी योजनाओं में जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ें। युवाओं में शासन के प्रति जागरूक होना बहुत जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्म दिवस पर सुशासन दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार नागरिकों को अच्छी प्रशासनिक व्यवस्थाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित सेमिनार में जिला परिषद के सीईओ मनोज कुमार ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में 27 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी बनाई गई है जहां पर बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी कर रहे हैं।
इस मौके पर जिला के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने भी अपने अनुभव साझा किया। गांव छितरोली के अरविंद ने बताया कि उनके गांव में 2022 में लाइब्रेरी शुरू हुई थी और उनका सिलेक्शन सरकारी सेवाओं में इसी लाइब्रेरी की बदौलत हुआ है। इसी प्रकार कनीना खंड के भोजावास के युवाओं ने बताया कि उनके गांव में भी लाइब्रेरी के माध्यम से बहुत से युवाओं ने सरकारी नौकरी हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *