पंजाब में बाढ़ पर सरकार एक्शन में, 8 कैबिनेट मंत्री मैदान में
स्पेशल गिरदावरी के आदेश जारी
चंडीगढ़, पंजाब में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। सरकार ने 8 कैबिनेट मंत्रियों को सीधे प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर ज़मीनी स्तर पर राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए स्पेशल गिरदावरी (फसलों के नुकसान का सर्वे) के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
सरकार ने तुरंत 2 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की है और बाढ़ से बचाव के लिए पिछले तीन वर्षों में 276 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए बुनियादी ढांचे का असर भी अब दिखाई दे रहा है। जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने तरनतारन और फिरोजपुर में सतलुज नदी के किनारे धुस्सी बांध का खुद निरीक्षण किया। उन्होंने गाँव-गाँव जाकर लोगों की समस्याएँ सुनीं और उन्हें तुरंत राहत पहुँचाई। इसी तरह, हरदीप सिंह मुंडिया सुल्तानपुर लोधी पहुँचे और डॉ. बलबीर सिंह ने कपूरथला में राहत कार्यों की समीक्षा की।
मान सरकार का कहना है कि उनका यह दृष्टिकोण सिर्फ़ प्रशासनिक नहीं, बल्कि मानवीय है। सरकार ने न केवल राहत कार्य शुरू किए हैं, बल्कि भविष्य में ऐसी आपदाओं को रोकने की तैयारी पर भी ध्यान केंद्रित किया है। सरकार का दावा है कि यह सरकार सिर्फ़ घोषणाओं और कैमरों के सामने काम करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि जनता के दुःख-दर्द में सीधे भागीदार बनती है।
