February 18, 2026

पात्र व्यक्तियों को सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए सरकार और प्रशासन सजग : डीसी

बादली(झज्जर), 16 दिसंबर। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में आमजन तक सरकार की नीतियों का लाभ पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित ना रहने पाए और उसे मौके पर ही लाभ प्रदान किया जा सके। डीसी शनिवार की शाम झज्जर उपमंडल के गांव वाजिदपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने डीसी कैप्टन शक्ति सिंह , जिला पार्षद रविंद्र बराही,सीटीएम परवेश कादियान का फूल मालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद का प्रसारण प्रसारित हुआ,जिसे ग्रामीणों ने मन लगाकर सुना। उन्होंने कहा कि गांवों में शैडयूल के अनुरूप संकल्प यात्राएं पहुंच रही हैं,अगर किसी कारणवश कोई पात्र व्यक्ति उनके गांव में आयोजित कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाता है,तो ऐसे व्यक्ति नजदीकी गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
डीसी ने उपस्थित ग्रामीणों का आहवान किया कि वे कार्यक्रम के दौरान उपलब्ध स्टालों पर योजनाओं की जानकारी अवश्य लें,साथ ही अपने परिवारजनों, पड़ौसी और मित्रगण को सूचित करें। यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी बनती है। उन्होंने कहा कि सरल हरियाणा पोर्टल पर 485 आनलाइन सेवाएं चलाई गई हैं,जिनका घर बैठे नागरिक लाभ ले सकते हैं।
मात्र 20 रूपए में प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना से दो लाख रूपए का बीमा
डीसी ने प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना,आयुष्मान भारत योजना,प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना की जानकारी सांझा करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं विपति में व्यक्ति का बड़ा सहारा बनती हैं। कोई भी व्यक्ति मात्र 20 रूपए का भुगतान के साथ दो लाख रूपए का बीमा करवा सकते हैं,साथ केवल 436 रूपए जमा करवाते हुए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंनेे कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अंत्योदय परिवारों को पांच लाख रुपए तक कैशलैश इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना का विस्तार करते हुए एक लाख 80 हजार रूपए से तीन लाख रूपए तक आय वाले परिवारों को मात्र पंद्रह सौ रूपए के भुगतान के साथ चिरायु योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। ऐसे पात्र परिवार राशि के भुगतान के साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। सरकार गरीबों और वंचितों के विकास के लिए प्रयत्नशील है। मुख्यमंत्री ने ‘अंत्योदय’ जैसी योजनाएं लागू कर हरियाणा प्रदेश के उन गरीब लोगों का कल्याण एवं उत्थान किया है जो समाज की स्ट्रीम लाइन से टूटे हुए व कटे हुए हैं। सरकार योजनाओं के सरलीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास ही राष्ट्र का विकास : रविंद्र बराही
गांव वाजिदपुर में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पार्षद रविंद्र बराही ने कहा कि सरकार विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम गांव व अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए निरंतर प्रयासरत है। अंतिम व वंचितों को वरीयता केंद्र व राज्य सरकार का मूल मंत्र है। सरकार ने समाज के ऐसे वंचितों को वरीयता दी, जो दशकों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे और उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास ही राष्ट्र का विकास है।
सरकार ने अविवाहितों व विदुरों के लिए लागू की पेंशन योजना
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में अंत्योदय योजनाओं के तहत गरीबों के लिए एक और योजना शुरू की है। उन्होंने बताया कि 3 लाख रुपए की सालाना आमदनी तथा 40 से 60 वर्ष वाले विदुरों को 2750 रुपए मासिक तथा 1 लाख 80 हजार की आमदनी वाले 45 से 60 वर्ष वाले अविवाहित व्यक्तियों को 2750 रुपए मासिक पेंशन की शुरुआत की गई है जो कि 1 दिसंबर से लागू हो गई है। इस दौरान जिला पार्षद ने ग्रामीणों को विकसित भारत की शपथ दिलाई। साथ ही प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की लाभार्थियों और खेलों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों अमरजीत और तनिष्क को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में यह गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नगराधीश परवेश कादियान,भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ के कार्यालय सचिव नरेंद्र जाखड़,गांव वाजिदपुर के सरपंच आनंद सिंह,मंडल
अध्यक्ष बसंत गुलिया,मा सुनील गुलिया,सत्यवान गुलिया,बीडीपीओ पूजा शर्मा,डीईओ राजेश कुमार,जिला समाज कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव,एसईपीओ अशोक कुमार,सचिव अजीत सिंह सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *