December 21, 2025

मांजरा खुर्द की गूगल वाटिका (हर्बल पार्क), पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और प्राकृतिक खेती का बना उत्कृष्ट उदाहरण

पौधों की सुगंध मानसिक और शारीरिक ताजगी का करा रहे आभास

महेंद्रगढ़। हरियाणा सरकार के दूरदर्शी प्रयासों से महेंद्रगढ़ जिले के माजरा खुर्द गांव में स्थापित गूगल वाटिका (हर्बल पार्क), पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है। लगभग 35 एकड़ में फैला यह विशाल हर्बल पार्क, वन विभाग द्वारा औषधीय पौधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह प्रदेश में औषधीय वनस्पति के संरक्षण और खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।गूगल वाटिका में कदम रखते ही हारसिंगार की मनमोहक सुगंध, ब्रह्मबूटी की जीवनदायिनी शक्ति, श्याम तुलसी की पवित्रता और कमल की अलौकिक सुंदरता का अनुभव होता है। यहां ग्वारपाठा, पत्थरचट, कैक्टस, शतावरी, नरगिस, गुलाब, सदाबहार, लिली, छुईमुई, मगध बाऊरी और आप्पा घास जैसे सैकड़ों औषधीय पौधे लगाए गए हैं, जो आयुर्वेदिक उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन पौधों की सुगंध और गुणों से भरपूर वातावरण आगंतुकों को मानसिक और शारीरिक ताजगी प्रदान करता है। हरियाणा सरकार ने इस पार्क में एक शोध केंद्र की स्थापना कर किसानों के लिए एक नई दिशा खोली है। यह केंद्र औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण और बहुमूल्य सलाह प्रदान करता है। समय-समय पर किसानों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया जाता है, जिससे उन्हें अपनी आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। जैविक खाद बनाने का प्रशिक्षण भी यहां दिया जाता है, जो किसानों को जैविक खेती की ओर अग्रसर करता है।

पर्यटन और पारिवारिक पिकनिक का केंद्र

मांजरा खुर्द का यह हर्बल पार्क अब केवल एक औषधीय वनस्पति केंद्र नहीं, बल्कि एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में भी पहचान बना चुका है। गांव के जागरूक ग्रामीणों, राहुल यादव और कृष्ण यादव के अनुसार, सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग यहां सैर करने आते हैं। पार्क में बनी पैदल पट्टियां आगंतुकों को आराम से घूमने की सुविधा प्रदान करती हैं। बच्चों के लिए झूलों और खेल की उचित व्यवस्था इसे एक आदर्श पारिवारिक पिकनिक स्पॉट बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *