गोंदपुर बनेड़ा स्कूल अंडर-19 लड़कियों की हॉकी में रहा उप विजेता
दौलतपुर चौक : (संजीव डोगरा)
इंदिरा स्टेडियम ऊना में चल रही अंडर-19 लड़कियों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में गोंदपुर बनेहडा की लड़कियां उप विजेता रही हैं। गौरतलब है कि पहले सेमीफाइनल मैच में गोंदपुर बनेड़ा ने टकोली स्कूल को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोदपुर बनेड़ा की हॉकी टीम का मुकाबला गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल संतोषगढ़ से हुआ जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेड़ा की लड़कियां कड़ा मुकाबला करती हुई उप विजेता रहीं। इस उपलब्धि के वजह से गांव में और स्कूल में चारों तरफ खुशी का माहौल बना हुआ है। लगातार दूसरे वर्ष लड़कियों ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपना जलवा दिखाया। टीम कैप्टन ज्योति,चाहत, सारिका चौधरी, अनामिका, अंशिका, तमन्ना छः लड़कियों का चयन राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट के लिए हुआ है। इससे पहले पिछले ही महीने लड़कों के ओपन वर्ग के हॉकी टूर्नामेंट में मेजर ध्यानचंद ट्रॉफी में भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेड़ा की टीम उपविजेता रही थी। अंडर-19 लड़कों के वर्ग में चार खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता जो की बिलासपुर में होगी के लिए हुआ। उसमें सुब्रत शर्मा, आशीष अत्री, बलविंदर का चयन हुआ। अंडर 14 लड़कियों में तीन लड़कियों का चयन उमंग जैसवाल, गुंजन अत्री, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए हुआ जो की जिला ऊना के स्लोह स्कूल में होगी। राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों ने हमारे संवाददाता से बात करते हुए बताया कि पाठशाला के शारीरिक शिक्षक राजीव ठाकुर ने टूर्नामेंट से छः महीने पहले ही सुबह शाम कोचिंग कैंप लगा कर खेल की बारीकियों का अभ्यास करवाना शुरू कर दिया था। राजीव ठाकुर के कुशल प्रशिक्षण की वजह से ही आज यह टीम जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पाई एवं राज्य स्तर के लिए चयनित हुई। इस मौके पर ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, एस एम सी सदस्यों और समस्त अभिभावकों ने प्रधानाचार्य विनोद बन्याल, शारीरिक शिक्षक राजीव ठाकुर , उपविजेता टीम तथा राज्य स्तर पर चयनित बच्चियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
