परमात्मा ही परम सत्य है – साध्वी रजनी कृष्णा महाराज
दौलतपुर चौक, 11 अक्तूबर (संजीव डोगरा)
नगर पंचायत दौलतपुर चौक के नजदीक चलेट गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कथावाचक साध्वी रजनी कृष्णा महाराज ने कहा कि परमात्मा ही परम सत्य है। जब हमारी वृत्ति परमात्मा में लगेगी तो संसार गायब हो जाएगा। प्रश्न यह है कि परमात्मा संसार में घुले-मिले हैं तो संसार का नाश होने पर भी परमात्मा का नाश क्यों नहीं होता। इसका उत्तर यही है कि भगवान संसार से जुड़े भी हैं और अलग भी हैं। आकाश में बादल रहता है। और बादल के अंदर भी आकाश तत्व है। बादल के गायब होने पर भी आकाश गायब नहीं होता। इसी तरह संसार गायब होने पर भी परमात्मा गायब नहीं होते। संसार की कोई भी वस्तु भगवान से अलग नहीं है। कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के घरों से माखन चोरी की। इस घटना के पीछे भी आध्यात्मिक रहस्य है।
प्रभु हमें समझाना चाहते हैं कि सृष्टि का सार तत्व परमात्मा है। इसलिए असार यानी संसार के नश्वर भोग पदार्थों की प्राप्ति में अपने समय, साधन और सामर्थ को अपव्यय करने की जगह हमें अपने अंदर स्थित परमात्मा को प्राप्त करने का लक्ष्य रखना चाहिए। इसी से जीवन का कल्याण संभव है। इस मौके पर जिला पार्षद सुशील कालिया,भाजपा नेता विश्वजीत सिंह पटियाल, संजय पुर्जा, रमेश ठाकुर ,मोहित ठाकुर, अनीता ठाकुर, मोनू ठाकुर, डॉ सुनील जोशी सहित अन्य भागवत प्रेमी उपस्थित रहे।
