नौकरी ज्वाइन करने से पहले लड़कियों को कराना होगा प्रेग्नेंसी टेस्ट, कंपनियों की अजीब शर्त ने सबको चौंकाया
नई दिल्ली : अगर कोई लड़की किसी कंपनी में नौकरी के लिए चयनित होती है और ज्वाइनिंग से पहले उसे यह कहा जाए कि आप अपना प्रेग्नेंसी टेस्ट करवाओ तो उस लडक़ी को कितना अजीब लगेगा। लेकिन ऐसा हो रहा है। यह मामला चीन का है और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कुछ कंपनियों ने ऐसी शर्त रखी है जिनसे अजब की स्थिति पैदा हो गई है।
पूर्वी प्रांत जियांग्सु के शहर नानतोंग की कंपनियों पर महिलाओं का प्रेगनेंसी टेस्ट कराने का आरोप है। शहर की 16 कंपनियों ने 168 महिलाओं को नौकरी देने से पहले प्रेगनेंसी टेस्ट कराने को कहा था। नानतोंग की कंपनियों के बारे में एक ऑनलाइन पब्लिक लिटेगेशन ग्रुप ने अधिकारियों को बताया था। इसी शिकायत के आधार पर प्रॉसेक्यूटर्स ने जांच शुरू की थी। उन्होंने दो बड़े अस्पतालों और एक मेडिकल एग्जाम सेंटर का भी दौरा किया।
रिपोर्ट के मुताबिक एक गर्भवती महिला को नौकरी देने से इन्कार किया गया था। वैसे लैंगिक समानता की दिशा प्रगति के तमाम दावों के बावजूद चीन में महिलाओं के लिए मुश्किल हालात बने हुए हैं। नौकरी ढूंढने जाने पर आज भी उनसे लैंगिक भेदभाव से भरे सवाल पूछे जाते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक महिला ने सोशल मीडिया पर बताया कि जब वह एक कार सर्विस कंपनी में नौकरी की तलाश में गई, तो इंटरव्यू के दौरान उससे पूछा गया कि उसके कितने प्रेम संबंध रहे हैं। यह भी पूछा गया कि उसके प्रेम संबंधों में जो रिश्ता सबसे लंबा चला, वह कितने समय तक कायम रहा।
