February 19, 2026

तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, शादी समारोह से लौट रहे चार युवकों की मौत

मथुरा, उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। नगला देविया मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार में सवार सभी युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। इससे पहले ग्रामीणों ने युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

मथुरा के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद रावत ने बताया कि रात करीब 9 बजे चार युवक कार से जा रहे थे। संभवतः वाहन तेज रफ्तार में था और चालक मोड़ को देख नहीं सका। कार पहले एक सीमेंटेड टंकी से टकराई, जिससे टंकी टूट गई और वाहन पलट गया। वहां मौजूद 5-6 मीटर गहरे नाले में कार गिर गई।

एसपी के अनुसार, ग्रामीणों ने तुरंत कार सवारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक टीम क्रेन के साथ मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और वाहन को भी नहर से बाहर निकाल लिया गया है। मामले की जांच जारी है। मृतकों की पहचान राहुल (23), मोहित (21), अमित (23) और एक अन्य युवक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार अमित चला रहा था। सभी युवक गोवर्धन निवासी थे और डीग में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचकर बिलख पड़े। पुलिस तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण मानते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *