February 19, 2026

जिला ऊना में पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित

अजय कुमार, ऊना,
इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड ने जिला ऊना में पहला ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया है। इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड ने आशा देवी-नादौन नेशनल हाई-वे पर मुबारिकपुर के समीप स्थित डिपेट्रो ईको ड्राइव पेट्रोल पंप पर इलेक्ट्रिक व्हीकल धारकों को यह सुविधा प्रदान की है। हालांकि प्रदेश ट्रांसपोर्ट विभाग ने भी जिले में ईवी स्टेशन स्थापित करने के लिए भूमि चिहिन्त की है लेकिन इंडियन आयल इस पहल में बाजी मार गया। प्रदेश को ग्रीन एनर्जी राज्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार पहले ही इलेक्ट्रिक व्हीकल को प्रोत्साहन देने के लिए पालिसी ला चुकी है। प्रदेश सरकार ने प्रदेश को ग्रीन एनर्जी राज्य बनाने के लिए वर्ष 2026 तक का लक्ष्य रखा हुआ है।

ईवी स्टेशन की स्थापना के लिए प्रदेश सरकार ने परवाणू-नालागढ़-ऊना-हमीरपुर-संसारपुर टैरस तथा बिलासपुर-हमीरपुर-कांड़ा और मंडी-धर्मशाला-कांगड़ा हाई-वे चिहिन्त किए हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री पहले से ही प्रदेश में तीन ग्रीन कोरीडोर हाई-वे बनाने की घोषणा कर चुके हैं। जिले में भूमि चिहिन्त हो जाने के बावजूद अभी तक ट्रांसपोर्ट विभाग ईवी स्टेशन स्थापित नहीं कर पाया है जबकि इंडियन आयल कारपोरेशन ने डिपेट्रो ईको ड्राइव पैट्रोल पंप मुबारिकपुर पर ईवी स्टेशन स्थापित कर इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए चार्जिंग की सुविधा प्रदान कर दी है। इससे मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए अन्य राज्यों से इलेक्ट्रिक व्हीकल में आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ होगा। इंडियन आयल के इस पंप पर अब पेट्रोल व डीजल से चलने वाले वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए भी सुविधा प्रदान होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *