February 19, 2026

महाराष्ट्र में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की मौत

मलबे में 13 से 14 लोगों के फंसे होने की आशंका

भंडारा : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में स्थित एक ऑर्डनेंस फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 8 लोगों की जान चली गई है और 7 गंभीर रूप से घायल हैं। भंडारा के कलेक्टर संजय कोलते ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की छत ढह गई, जिसके मलबे में 13 से 14 लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव कार्य जारी है।

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद लोहे और पत्थर के टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे हुए पाए गए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विस्फोट जवाहर नगर इलाके में स्थित फैक्ट्री के लॉन्ग टर्म प्लानिंग सेक्शन में हुआ। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मलबे में लोगों के फंसे होने की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट जवाहरनगर स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्री की आरकेआर ब्रांच सेक्शन में हुआ, जहाँ आरडीएक्स जैसे विस्फोटक बनाए जाते हैं। विस्फोट के कारण इमारत पूरी तरह से नष्ट हो गई है। मृतकों की संख्या में वृद्धि होने की आशंका जताई जा रही है।

यह फैक्ट्री सेना के लिए एसिड सहित कई प्रकार के विस्फोटक पदार्थों का निर्माण करती है। यहाँ अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ और परीक्षण सुविधाएँ भी मौजूद हैं। यहाँ छोटे हथियारों में इस्तेमाल होने वाला स्फेरिकल पाउडर भी बनाया जाता है, जिसका उपयोग पहली बार द्वितीय विश्व युद्ध में हुआ था और 1960 से इसे नागरिकों को भी दिया जाने लगा था।

इस दुखद घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्होंने यह भी बताया कि बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *